सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
देश

गोम्मटगिरि में एक करोड़ वाले 100 ट्रस्टी बनाने का लक्ष्य!

मुनि के समक्ष वर्तमान ट्रस्टियों ने रखा सामूहिक इस्तीफे का प्रस्ताव रूके हुए विकास को गति देने की नई पहल

कुछ दिनों से गोम्मटगिरि के कुछ ट्रस्टी और वहां से जुड़े अन्य लोग मुनि पुंगव संत सुधा सागर म.सा. से गोम्मटगिरि पहाड़ी पर विकास के अवरोध पर चर्चा कर रहे थे। जमीन विवाद से लेकर होने वाले विकास कार्य पर भी संत के समक्ष चर्चा की गई थी। कुछ भगवान बाहुबली दिगम्बर जैन ट्रस्ट के ट्रस्टियों ने इस्तीफों की बात भी कही थी। बात यह उठी कि नए सिरे से ट्रस्ट का निर्माण किया जाना चाहिए और एक-एक करोड़ रुपया लेकर करीब 100 ट्रस्टी नए बनाए जाना चाहिए। सूत्र बता रहे हैं कि इसी लक्ष्य पर अभी गोम्मटगिरि ट्रस्ट से जुड़े 24 सदस्यों ने संत के समक्ष सामूहिक इस्तीफा देने की सहमति जताई है क्योंकि संत ने कहा था कि अगर गोम्मटगिरि ट्रस्ट का समाधान सभी ट्रस्टी चाहते हैं तो पहले सभी को ट्रस्टी पद से मोह छोड़कर एक बड़ा निर्णय लेना पड़ेगा। सभी ट्रस्टी संत की वाणी के बाद ट्रस्ट मंडल से इस्तीफा त्याग पत्र के रूप में सौंपने को तैयार है, जो एक-एक करोड़ के 100 ट्रस्टी बनाए जाना है, उनमें देशभर के दिगम्बर जैन समाज के प्रमुख भामाशाहों में से नए ट्रस्टियों का चयन किए जाने की बात सामने आई है। इसका उद्देश्य ट्रस्ट व्यवस्था में नए लोगों को जिम्मेदारी देकर गोम्मटगिरि के विकास को गति देना बताया जा रहा है। गोम्मटगिरि का इतिहास भी दिगम्बर जैन समाज के लिए महत्वपूर्ण रहा है। समाज के वरिष्ठ सदस्य बाबूलाल पाटोदी के प्रयासों से तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के कार्यकाल में यह पहाड़ी दिगम्बर जैन समाज को प्राप्त हुई थी। इसके बाद यहां तीर्थ विकास की दिशा में लगातार प्रयास किए जाते रहे हैं। गोम्मटगिरि की भूमि पर गुर्जर समाज के कब्जे के साथ विवाद न्यायालय में चल रहा है। वहां काम करने पर विवाद की स्थिति भी बनती है। सूत्र बता रहे हैं कि संत के प्रयास है कि इस चातुर्मास के दौरान ही कम से कम 50 ट्रस्टियों की घोषणा एक-एक करोड़ वालों की हो जाए।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें