नई दिल्ली। आईपीएल 2027 से पहले ऐसी खबर आ रही है, जो फैंस को चौंका सकती है। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। पिछले सीजन पैट कमिंस शुरुआती मैचों के लिए उपलब्ध नहीं थे। ऐसे में टीम की कप्तानी ईशान किशन को दे दी गई। अभिषेक शर्मा को यह फैसला पसंद नहीं आया और उसके बाद से वह फ्रेंचाइजी से नाखुश हैं। वह लंबे समय से टीम का हिस्सा रहे हैं और कप्तानी की दौड़ में खुद को मजबूत दावेदार मानते थे।
अभिषेक शर्मा सनराइजर्स हैदराबाद से अलग हो सकते हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स संभावित विकल्पों के तौर पर देखी जा रही हैं। इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स का नाम भी चर्चा में है, क्योंकि अभिषेक के मेंटर युवराज सिंह वहां के सेटअप का हिस्सा हैं। हालांकि अभी तक किसी भी टीम के साथ कोई ठोस बातचीत या डील सामने नहीं आई है। सूत्र ने कहा, जब से ईशान किशन को सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी मिली है, तब से अभिषेक शर्मा खुश नहीं हैं। वह लंबे समय से इस फ्रेंचाइजी के साथ हैं और कप्तानी करने की इच्छा रखते थे। मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स को संभावित टीमों के तौर पर देखा जा रहा था और हम दिल्ली कैपिटल्स को भी नजरअंदाज नहीं कर सकते, क्योंकि उनके मेंटर युवराज सिंह अब उस टीम का हिस्सा हैं।
जब इस मामले पर सनराइजर्स हैदराबाद के सीईओ के. शन्मुगम से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने इन खबरों को सही नहीं बताया। वहीं खिलाड़ी के करीबी सूत्रों का भी कहना है कि फिलहाल कोई बड़ा घटनाक्रम नहीं हो रहा है। अगर अभिषेक एसआरएच से अलग होते भी हैं तो जरूरी नहीं कि उन्हें किसी नई टीम की कप्तानी मिले। सूत्र ने कहा, अभी कप्तानी के ज्यादा मौके नहीं हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स दो विकल्प हैं, लेकिन बाकी ज्यादातर टीमें सेट लग रही हैं। इसलिए अगर एसआरएच और अभिषेक अलग होने पर सहमत भी हो जाते हैं, तो भी बड़ा सवाल यही है कि वे कहां जाएंगे? अगर वे सहमत हो भी जाते हैं, तो हैदराबाद खुद को कैसे पेश करेगा?
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 3 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

