नगर अनुसूचित जाति एवं निगम कर्मचारी/कामगार संघ के कार्यालय, निगम प्रांगण में सफाई कर्मचारियों के हितों एवं लंबित मांगों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम की सभी मान्यता प्राप्त यूनियनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सफाई कर्मचारियों के हित में हुए आंदोलनों एवं संघर्षों के सकारात्मक परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रमुख रूप से विनियमित सफाई मित्रों को नियमित करने, नियमित मस्टर सफाई मित्रों के विनियमितीकरण, सफाई ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने तथा लगभग 2500 नए सफाई मित्रों की नियुक्ति एवं पूर्व शासन आदेश अनुसार मेडिकल आधार पर ऐच्छिक सेवा निर्वात कर उनके वारिस को अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने हेतु पुनः निगम की तऱफ से शासन को पत्र लिखा जाए इस विषय पर चर्चा हुई।
इसके साथ ही सेवानिवृत्त एवं मृतक सफाई मित्रों के अवकाश नगदीकरण, समयमान वेतनमान, स्वास्थ्य सेवा इकाई द्वारा गणना एवं ऑडिट उपरांत आदेशानुसार एरियर भुगतान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपस्थित सभी यूनियन पदाधिकारियों ने एकजुटता के साथ कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करने तथा शेष मांगों के निराकरण के लिए आपसी समन्वय बनाकर आगे की रणनीति तैयार करने पर जोर दिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर निगम के समस्त सफाई मित्रों को उनका अधिकार दिलाना, वर्षों से लंबित समस्याओं का निराकरण करवाना तथा कर्मचारियों के हितों में लिए गए निर्णयों को धरातल पर लागू करवाना रहा। उक्त जानकारी महेश गौहर ने दी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 18 November 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


