गुरूवार, 19 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

कनाडिया रोड से बिचौली बायपास तक जगमगाएगा

2.18 करोड़ खर्चकर आदर्श स्कूल से बायपास तक पीडब्ल्यूडी कर रहा डिवाइडर निर्माण

कनाडिया रोड से बिचौली बायपास तक जगमगाएगा
कनाडिया रोड से बिचौली बायपास तक जगमगाएगा (फोटो: सिटी ब्लास्ट)

लोक निर्माण विभाग द्वारा कनाड़िया रोड पर होलकर प्रतिमा से लेकर मयंक ब्लू वाटर पार्क होते हुए बिचौली बायपास तक के बड़े हिस्से में अब बेहद जल्द नए साल से पहले आकर्षक लाइटिंग लगाकर जगमगाने की तैयारी शुरू कर दी है, जिसके तहत लंबे समय से सड़क निर्माण के बाद लाइटिंग और डिवाइडर की लगातार मांग एवं शासन से देरी से मिली परमिशन के बाद अब पीडब्ल्यूडी अफसरों ने दुर्घटना और हादसों पर रोक के लिए तैयार सड़क के बीच के हिस्से में तीन फीट ऊंची हाइट के एक जैसे डिवाइडर निर्माण का कार्य वर्तमान में तेजी के साथ पूरा किया जा रहा है।

कनाडिया रोड से बिचौली बायपास तक जगमगाएगा – फोटो 2
कनाडिया रोड से बिचौली बायपास तक जगमगाएगा

वही पीडब्ल्यूडी अफसरों के मुताबिक डिवाइडर निर्माण कार्य पूरा होने के बाद फिर कनाड़िया रोड़ के इस लगभग ढाई से तीन किमी लंबे हिस्से में 200 के आसपास नए बिजली के पोल पर 400 से ज्यादा तेज रोशनी वाली आकर्षक एलईडी लाइटिंग से जगमगाहट की जाएगी। जिसको लेकर वर्तमान में पहले चरण में सड़क के लंबे-चौड़े हिस्से में डिवाइडर निर्माण का कार्य तेजी के साथ पूरा किया जा रहा है।

सड़क बनने के लंबे समय बाद मिल रही रोशनी की सौगात—

गौरतलब है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब साढ़े ग्यारह करोड़ से ज्यादा की लागत से कनाड़िया रोड़ पर होल्कर प्रतिमा के पीछे से बिचौली बायपास तक लगभग तीन किमी लंबी सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का कार्य लगभग ढाई से तीन साल पहले पूरा कर लिया गया था, लेकिन पीडब्ल्यूडी अफसरों की गलती से सड़क प्रोजेक्ट के साथ लाइटिंग और डिवाइडर निर्माण की फाइल नहीं जुड़ने से बाद में अलग से शासन के पास इस्टीमेट तैयार कर बजट मंजूरी के लिए भेजा गया था, जिसके कारण देरी हुईं।

वहीं अब पिछ्ले दिनों मंजूरी मिलने के बाद विभाग ने तैयारियां कर डिवाइडर निर्माण और लाइटिंग के काम के लिए सम्बन्धित एजेंसी से डिवाइडर बनवाने का काम शुरू भी करवा दिया है। जिसके तहत वर्तमान में आधे से ज्यादा हिस्से में डिवाइडर का काम तेजी के साथ हो रहा है।

इसके बाद बेहद जल्द अगले माह डिवाइडर के बीच एलइडी लाइटिंग लगाने के लिए नए बिजली के पोल लगाने का काम भी शुरू होगा। संभवत: नए साल से पहले कनाड़िया रोड़ से बिचौली बाईपास तक का यह हिस्सा भी आकर्षक लाइटिंग से जगमगाता हुआ नजर आएगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 18 November 2026 के अंक में पृष्ठ 7 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 18 November 2026, पृष्ठ 7