रविवार, 15 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

अवैध नल कनेक्शन को वैध करने का अभियान सोमवार से

1 महीने तक अभियान चला कर करेंगे काम, फिर लगेगा अर्थदंड

नगर निगम के द्वारा अवैध नल कनेक्शन को वैध करने का अभियान सोमवार से शुरू किया जा रहा है। यह अभियान एक महीने तक चलेगा। इसके बाद में फिर अवैध कनेक्शन पर कार्रवाई करते हुए अर्थदंड लगाया जाएगा। पिछले दिनों आयोजित की गई महापौर परिषद की बैठक में यह फैसला लिया गया था कि शहर में जितने अवैध नल कनेक्शन हैं उन्हें वैध करने के लिए अभियान चलाया जाए।

इस बैठक में ही यह भी तय कर लिया गया था कि एक महीने का यह अभियान चलाया जाएगा। इस फैसले के तारतम्य में नगर निगम के अधिकारियों के द्वारा यह निश्चित किया गया कि सोमवार 16 नवंबर से इस अभियान को शुरू किया जाएगा। इसके लिए पूरे शहर में नागरिकों के बीच जन जागरण का कार्य किया जाएगा।

हर व्यक्ति को यह जानकारी दी जाएगी कि यदि उनके घर का नल कनेक्शन विधिवत नहीं है तो उसे विधिवत करवा लें। इस अभियान का संचालन करने के लिए हर जोनल कार्यालय पर जलप्रदाय व्यवस्था से जुड़ी हुई जो टीम है उसके द्वारा ही पूरे क्षेत्र में कार्य का संचालन किया जाएगा।

इसके तहत निगम की टीम के द्वारा यह जांच भी की जाएगी कि कौन से घरों में अवैध नल कनेक्शन हैं। इस टीम को जिन घरों की जानकारी मिलेगी उन घरों पर जाकर भी लोगों को अपना कनेक्शन वैध कराने के लिए कहा जाएगा।

इसके साथ ही लोगों को यह जानकारी भी दी जाएगी कि यदि 1 महीने में उनके द्वारा अपने कनेक्शन को भी विधिवत करवाने का काम नहीं किया जाता है तो उसके बाद में जो कार्रवाई की जाएगी उसमें उन पर भी कार्रवाई होगी।

पहले भी चल चुका है अभियान

नगर निगम के द्वारा पहले भी अवैध कनेक्शन को वैध कनेक्शन में तब्दील करने का अभियान चलाया जा चुका है। उस समय अभियान के कोई बहुत अच्छे परिणाम सामने नहीं आए थे। इस तरह के अभियान के चलने के बाद जब जांच का कार्य निरंतर नहीं किया जाता है तो इस तरह के अभियान पूरी तरह से फेल हो जाते हैं। यही ऐसी स्थिति है जो नगर निगम के समक्ष चुनौती बनकर खड़ी होती है। निगम के द्वारा इस स्थिति को समाप्त करने के लिए इस बार पहल की जा रही है। अब इस पहल के क्या परिणाम निकल कर सामने आते हैं यह तो आने वाले समय में ही स्पष्ट हो सकेगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 14 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 14 November 2026, पृष्ठ 4