कम वर्षा के कारण इस साल इंदौर में पैदा होने वाले पानी के संकट के दौरान बोरिंग के पानी को शुद्ध बनाकर रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है। इंदौर नगर निगम के द्वारा यह फैसला लिया गया है कि इस पानी को शुद्ध बनाने का सिस्टम लगाया जाएगा। इस काम पर 79 लाख रुपए खर्च होंगे। इसके लिए 4 महीने तक अभियान चलाया जाएगा।
इस बार मानसून के मौसम में इंदौर में हुई कम बारिश के कारण यह तो सभी को मालूम है कि अब गर्मी के मौसम में पानी का संकट पैदा होने वाला है। नर्मदा का पानी तो जितना मिलता है उतना मिलता रहेगा लेकिन बाकी जिन क्षेत्रों में नर्मदा के पानी की पाइपलाइन नहीं है वहां पर लोगों के सामने समस्या रहेगी। इसके साथ ही जिन क्षेत्रों में लोग पूरी तरह से बोरिंग के पानी पर निर्भर हैं वहां भी बोरिंग के सूख जाने की स्थिति में समस्या पैदा हो जाएगी। इस समस्या से निपटने का कोई रास्ता नगर निगम को अभी नजर नहीं आ रहा है। नगर निगम के द्वारा बार-बार समीक्षा बैठक का आयोजन कर अपने नए-नए फैसले घोषित किए जा रहे हैं।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम के अधिकारियों ने कल भी सभी विधायकों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में भी विधायकों ने उनके विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिन क्षेत्रों में पानी का संकट पैदा होने की स्थिति है ऐसे क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए वहां पर नियमित पानी पहुंचाने के लिए आवाज उठाई। यह पानी किस तरह भेजा जाएगा इसके लिए तो कोई योजना नहीं है लेकिन हां कल की बैठक में यह जरूर घोषित कर दिया गया है कि अब जिसके पास भी अवैध कनेक्शन निकलेगा उसके खिलाफ पुलिस थाने में पानी की चोरी का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त ऐसे लोगों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
इसके साथ ही पानी के संकट को देखते हुए नगर निगम के द्वारा बोरिंग के पानी की शुद्धता पर भी ध्यान देने का काम किया जा रहा है। नगर निगम के द्वारा यह फैसला लिया गया है कि शहर के सभी सरकारी बोरिंग पर पानी को शुद्ध बनाए रखने के लिए क्लोरिनेशन का प्लांट लगाया जाएगा।
इसके माध्यम से पानी में समय के अनुसार उचित मात्रा में क्लोरीन डाला जाएगा ताकि पानी शुद्ध मिल सके। इसके लिए नगर निगम के द्वारा 4 महीने तक अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में निगम के द्वारा 79 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
इस अभियान में उन स्थानों पर भी पानी की शुद्धता का काम किया जाएगा जहां से कि नगर निगम के द्वारा टैंकर में पानी भरने का काम किया जाता है। निगम के अधिकारियों ने बताया कि पानी के संकट की स्थिति में बहुत सारे लोग बोरिंग के पानी पर निर्भर रहेंगे। ऐसे में इस पानी को शुद्ध रखना भी निगम की जिम्मेदारी है।
शहर में नगर निगम के कम से कम 6000 बोरिंग हैं। इन सभी बोरिंग के पानी को शुद्ध करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान से लोगों को शुद्ध पानी मिलना सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम के द्वारा ठेकेदार एजेंसी के चयन की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है।
निगम की कोशिश है कि दिसंबर के महीने में ही काम करने वाली एजेंसी को फाइनल कर लिया जाए ताकि इसी महीने के अंत से इस काम का अभियान शुरू किया जा सके।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 18 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


