पलासिया और खजराना थाना क्षेत्रों में आत्महत्या की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। जहां एक तलाकशुदा युवती और मानसिक अवसाद से जूझ रहे युवक ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। दोनों ही मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना पलासिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़ी ग्वालटोली की है, जहां रिम्शा पिता शंकर (25) नामक तलाकशुदा युवती ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिजन जब कमरे में पहुंचे तो युवती को फंदे पर लटका देख सन्न रह गए। युवती ने यह आत्मघाती कदम किस वजह से उठाया इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर खुदकुशी के कारणों का पता लगा रही है। वहीं दूसरी वारदात खजराना थाना क्षेत्र के राजीव नगर की सामने आई, जहां अजहर पिता जहीरूद्दीन (26) नामक युवक ने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। परिजनों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक पिछले कुछ समय से गंभीर मानसिक अवसाद का शिकार था और उसका उपचार भी चल रहा था। संभवतः इसी अवसाद के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। दोनों ही मामलों में पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 23 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



