तुकोगंज थाना क्षेत्र में पार्ट टाइम जॉब और टास्क पूरा कर घर बैठे मोटी कमाई का लालच देकर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। शातिर साइबर ठगों ने शुरुआत में पीड़ित के खाते में कुछ रुपये ट्रांसफर कर उसका विश्वास जीता और फिर टेलीग्राम के जरिए टास्क देने के नाम पर मोटी रकम जमा करा ली। जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो ठगों ने पैसे देने से इनकार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर तुकोगंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, श्याम प्रभु वल्लभ नगर निवासी फरियादी अभिषेक पिता राजेंद्र गुप्ता ने थाने में साइबर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर ±1(555)9451566 से कॉल आया था, जिसमें गूगल मैप पर कंपनियों को रिव्यू देने का काम बताया गया था। शुरुआत में फरियादी को झांसे में लेने के लिए आरोपियों ने उनके पंजाब नेशनल बैंक के खाते में 151 रुपये की राशि ट्रांसफर की। इसके बाद आरोपियों ने अभिषेक को टेलीग्राम ऐप पर डायवर्ट कर दिया, जहां प्रणवी शर्मा नामक आईडी से उन्हें लगातार अलग-अलग प्रीपेड टास्क दिए जाने लगे। ज्यादा रिटर्न पाने के लालच में फरियादी ने आरोपियों द्वारा बताए गए खातों में अपनी रकम जमा कराना शुरू कर दिया। जब फरियादी ने काम पूरा होने के बाद अपने पैसे और मुनाफा वापस निकालने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने और रकम की मांग की और रुपये लौटाने से मुकर गए। धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 1 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



