मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

युवक को गाड़ी में बंद कर बुरी तरह पीटा

बंधक बनाकर दी घर तोड़ने और जान से मारने की धमकी

इंदौर। सिमरोल थाना क्षेत्र के कालाकुंड में युवक को जबरन गाड़ी में बंद कर बंधक बनाने, मारपीट करने और सरेआम घर तोड़ने व जान से मारने की धमकी देने की वारदात सामने आई है। खुद को संगठन से जुड़ा नेता बताने वाले आरोपियों ने एक युवती को चार दिन के अंदर सामने लाने का दबाव बनाते हुए युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। सिमरोल थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों और उनके अन्य साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, फरियादी सूरज ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित सूरज ने पुलिस को बताया कि आरोपी महेश, जीवन, सतपाल और उनके अन्य 4 से 5 अज्ञात साथियों ने उसे जबरन रोक लिया। आरोपियों ने पहले तो गाली-गलौज और अपशब्द कहे, फिर एकजुट होकर उसे एक गाड़ी के अंदर चारों तरफ से बंद कर दिया और बंधक बना लिया। गाड़ी के भीतर बंद करने के बाद सभी 7-8 आरोपियों ने एकमत होकर सूरज पर लात-घूंसों की बरसात कर दी। मारपीट के दौरान आरोपी महेश ने उसे बुरी तरह डराया-धमकाया। हमले में पीड़ित के गले और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट करते हुए आरोपियों ने धौंस जमाते हुए कहा कि 'अगर हमारी लड़की को 4 दिन में लाकर नहीं दी, तो तुम हमें नहीं जानते, हम जयस के नेता हैं; तुम्हारा घर तोड़ देंगे और तुम्हें यहाँ रहने नहीं देंगे' तथा सरेआम जान से खत्म करने की धमकी दी। सिमरोल थाना पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण करवाकर नामजद आरोपियों और उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 23 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें