सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

10 लाख से भरोसा जीता… फिर 3 लाख की लगाई चपत

क्रिप्टोकरेंसी ट्रांसफर का दिया झांसा

डिजिटल करेंसी यूएसडीटी के नाम पर शहर के एक व्यापारी को 3 लाख रुपये का चूना लगाने का मामला सामने आया है। शातिर जालसाजों ने पहले पीड़ित को 10 लाख की क्रिप्टोकरेंसी ट्रांसफर कर अपना विश्वास बनाया, फिर 3 लाख रुपये नकद ऐंठकर चंपत हो गए। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर अन्नपूर्णा पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अन्नपूर्णा पुलिस के अनुसार, फरियादी सुनील चौधरी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि करीब तीन महीने पहले व्हाट्सएप के माध्यम से उनकी पहचान आरोपी प्रदीप बुक्कड़ से हुई थी। सितंबर 2025 में सुनील ने प्रदीप और उसके साथी विक्की शर्मा से 10 लाख रुपये की यूएसडीटी खरीदी थी। पहला सौदा सही रहने से सुनील का उन पर गहरा भरोसा कायम हो गया था। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने 25 सितंबर को व्हाट्सएप कॉल कर सुनील को 3 लाख रुपये की और क्रिप्टोकरेंसी देने का ऑफर दिया। सौदा तय होने पर आरोपियों ने फरियादी को रकम लेकर दशहरा मैदान बुलाया। सुनील अपने दोस्त अभिषेक के साथ पहुँचे तो वहाँ विक्की शर्मा मिला। विक्की ने 3 लाख रुपये नकद ले लिए और रकम को डिपॉजिट मशीनों में डालने का बहाना बनाकर उन्हें एक्सिस बैंक और कालानी नगर की अलग-अलग मशीनों तक घुमाता रहा। पैसे जमा कराने के बाद विक्की ने दावा किया कि 2 लाख 91 हजार रुपये की क्रिप्टो तुरंत उनके वॉलेट में ट्रांसफर हो जाएगी। सुनील काफी देर तक इंतजार करते रहे, लेकिन विक्की टालमटोल करता रहा और मौका देखकर फरार हो गया। इसके बाद जब दोनों आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने मोबाइल बंद कर लिए। धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़ित ने थाने पहुँचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रदीप बुक्कड़ और विक्की शर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें