एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित आरएपीटीसी कैंपस में खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पदस्थ एक हेड कांस्टेबल ने महिला थाने में दर्ज कराई गई प्रताड़ना की शिकायत से नाराज होकर अपनी ही पत्नी और बेटी के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की। आरोपी पति ने पत्नी पर गैंती से हमला करने का प्रयास किया और बीच-बचाव करने आई अपनी मासूम बेटी को भी थप्पड़ों से पीट डाला। इतना ही नहीं, आरोपी ने पत्नी का गला दबाकर जान से मारने की खौफनाक धमकी भी दी। पीड़ित महिला की शिकायत पर एरोड्रम थाना पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, फरियादी वंदना गौड़ निवासी क्वार्टर दूसरी पलटन, आरएपीटीसी परिसर, एरोड्रम ने थाने पहुँचकर अपने पति के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पीड़िता ने बताया कि उनका पति सुशील गौड़ आरएपीटीसी में प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत है। पीड़िता ने पूर्व में पति की प्रताड़ना से तंग आकर इंदौर के महिला थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इसी बात की रंजिश रखते हुए आरोपी सुशील रोजाना घर में क्लेश करता था और पीड़िता को झूठे केस में फंसाने की धमकियां देकर मारपीट करता था। घटना बीते 14 अगस्त की है, जब इसी पुरानी बात को लेकर आरोपी सुशील गौड़ घर में गाली- गलौज करने लगा। जब पीड़िता ने गालियां देने से मना किया, तो आरोपी आपा खो बैठा और जान से मारने की नीयत से पास में रखी गैंती उठाकर पीड़िता पर हमला करने दौड़ा। पिता को माँ पर हमला करते देख बेटी अदिती गौड़ तुरंत बीच-बचाव करने पहुँची। इस पर बेकाबू हुए आरोपी सुशील ने अपनी ही बेटी अदिती के साथ थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। बेटी को पिटता देख जब पीड़िता उसे बचाने आगे आई, तो आरोपी पति ने पत्नी वंदना का गला दबाने की कोशिश की और बुरी तरह पीट डाला। जाते-जाते आरोपी ने पूरे परिवार को जान से खत्म करने की धमकी दी। पीड़िता किसी तरह हिम्मत जुटाकर थाने पहुँची और पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



