मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

महिला के घर के बाहर चाकू लेकर पहुंचे बदमाश, पति को जान से मारने की धमकी

इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक महिला के घर के बाहर आधा दर्जन बदमाशों द्वारा हाथ में धारदार चाकू लेकर पहुंचने और उसके पति को जान से मारने की…

इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक महिला के घर के बाहर आधा दर्जन बदमाशों द्वारा हाथ में धारदार चाकू लेकर पहुंचने और उसके पति को जान से मारने की धमकी देने की घटना सामने आई है। आरोपियों ने महिला को अकेला पाकर उसके और उसके पति के खिलाफ जमकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और विवाद करते हुए मौके से भाग निकले। जूनी इंदौर थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बी.के. हरिजन कॉलोनी निवासी फरियादी शीतल पति लखन संदवाने ने अपने ही पड़ोस में रहने वाले आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता शीतल ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के बाहर खड़ी थी, तभी कॉलोनी के ही रहने वाले सुनील पैमाल, गोलू उर्फ अंकित पैमाल, शुभम पैमाल और सौरभ पैमाल एक राय होकर उसके घर के सामने आकर रुक गए। इनमें से आरोपी शुभम पैमाल के हाथ में लोहे का धारदार चाकू लहरा रहा था। शुभम ने घर के बाहर खड़े होकर चिल्लाते हुए पीड़िता से पूछा कि उसका पति लखन संदवाने कहां है, आज वह उसे जिंदा नहीं छोड़ेगा। जब पीड़िता शीतल ने घबराते हुए आरोपियों से पूछा कि उसके पति ने ऐसा क्या किया है और वह अभी घर पर मौजूद नहीं है, तो चारों आरोपी और उग्र हो गए। आरोपियों ने बीच सड़क पर ही शीतल तथा उसके पति लखन को गालियां देना शुरू कर दिया। बदमाशों ने जाते-जाते महिला को खुलेआम चमकाया कि आज तो लखन बच गया है, लेकिन वे उन दोनों को जान से खत्म कर देंगे।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 17 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें