मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

महिला के बैंक खाते से 50 हजार रुपए उड़ाए

मोबाइल हैक कर साइबर ठगों ने खाते से दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर की रकम

इंदौर। रावजी बाजार थाना क्षेत्र में साइबर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर ठग ने एक व्यक्ति का मोबाइल फोन हैक कर उसकी पत्नी के बैंक खाते से करीब 50 हजार रुपये की राशि अनधिकृत रूप से दूसरे खाते में ट्रांसफर कर ली। घटना का पता चलते ही पीड़ित ने ऑनलाइन साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। प्राथमिक जांच के बाद रावजी बाजार थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ साइबर अपराध और धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जबरन कॉलोनी प्रकाश का बगीचा निवासी फरियादी सचिन पिता शरद वर्मा ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि अज्ञात आरोपी ने किसी माध्यम से उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद आरोपी ने उनकी पत्नी रंजना वर्मा के बैंक ऑफ इंडिया के खाते में सेंध लगाते हुए 49 हजार 781 रुपये की राशि धोखाधड़ीपूर्वक किसी अन्य बैंक खाते में ट्रांसफर कर ली। जब खाते से पैसे कटने का संदेश मिला, तब पीड़ित परिवार को ठगी का अहसास हुआ। फरियादी सचिन ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन और ऑनलाइन पोर्टल पर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत और बैंक लेनदेन के विवरण के आधार पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। रावजी बाजार थाना पुलिस अब उस बैंक खाते की जानकारी जुटा रही है जिसमें रकम ट्रांसफर की गई है, साथ ही साइबर सेल की मदद से मोबाइल हैक करने वाले गिरोह की तकनीकी जांच की जा रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें