इंदौर। एमजी रोड थाना क्षेत्र में एक महिला पुलिसकर्मी के साथ उसके ही पति द्वारा मारपीट कर डाली। पीड़िता ट्रैफिक पुलिस में आरक्षक के पद पर कार्यरत है। घटना के बाद पीड़िता ने एमजी रोड थाने पहुंचकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला आरक्षक की रिपोर्ट पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, स्नेहलतागंज स्थित सेवा कुंज हॉस्टल में रहने वाली फरियादिया दामिनी पाटिल इंदौर शहर के ट्रैफिक थाने में महिला आरक्षक के रूप में पदस्थ हैं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना स्नेहलतागंज में बैंक ऑफ बड़ौदा एटीएम के सामने की है। आरोपी पति दीपक कुमार जाटव निवासी देवी अहिल्याबाई गार्डन के सामने विजयनगर ने बिना किसी बात के महिला आरक्षक को सरेराह गालियां देना शुरू कर दिया। जब पीड़िता ने गाली-गलौज करने का विरोध किया, तो आरोपी भड़क गया और उसने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी को धमकी दी कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह उसे जान से मार डालेगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। एमजी रोड थाना पुलिस ने पीड़ित महिला आरक्षक की शिकायत पर आरोपी पति दीपक कुमार जाटव के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



