इंदौर। सिमरोल थाना क्षेत्र के एक गांव में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी द्वारा पति पर ईंट से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। कपड़े और खाने का टिफिन मांगने की बात पर भड़की पत्नी ने पति के साथ गाली-गलौज करते हुए पीछे से सिर पर ईंट मार दी और जान से मारने की धमकी दे डाली। पुलिस ने पीड़ित पति की शिकायत पर आरोपी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी सोनू पिता रमेश गिरवाल निवासी ग्राम बरदरी पड़ाव ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि घर पर जब उसने अपनी पत्नी शांतिबाई से कपड़े और खाने के टिफिन को लेकर बात की, तो वह अचानक भड़क गई और गालियां देने लगी। जब पीड़ित ने गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी पत्नी शांतिबाई ने आपा खो दिया। उसने पास में पड़ा ईंट का टुकड़ा उठाया और पति के सिर के पिछले हिस्से पर दे मारा। जिससे सिर से खून बहने लगा। पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव कराया और मामला शांत कराया। जाते-जाते आरोपी पत्नी ने धमकी दी कि आज के बाद कभी भी कपड़े और खाने के टिफिन के लिए बोला तो जान से खत्म कर दूंगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 27 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



