इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में भंडारी ब्रिज के पास पुरानी रंजिश और शंका के चलते एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक जब अपनी गाड़ी से जा रहा था, तभी आरोपी पति ने अपने साथी के साथ मिलकर उसकी गाड़ी रुकवाई और चलती गाड़ी से कॉलर पकड़कर नीचे गिरा दिया। इसके बाद आरोपी ने पत्नी को साथ घुमाने का आरोप लगाते हुए प्लास्टिक के पाइप से युवक की जमकर पिटाई कर दी। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गोविंद कॉलोनी निवासी फरियादी रवि पिता जगदीशपुरी ने परदेशीपुरा थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वह अपनी गाड़ी से भंडारी ब्रिज के नीचे से गुजर रहा था, तभी महिमा का पति यशवंत सिंह निवासी सोनकच्छ, देवास अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर आया। आरोपी यशवंत सिंह, जिसका अपनी पत्नी महिमा से तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है, उसने रवि की चलती गाड़ी की कॉलर पकड़कर उसे जोर से धक्का देकर नीचे गिरा दिया। गाड़ी से गिराने के बाद आरोपी यशवंत सिंह ने रवि पर आरोप लगाया कि तू मेरी पत्नी महिमा को अपनी गाड़ी पर बैठाकर घुमा रहा है और सरेराह गालियां देने लगा। जब फरियादी रवि ने गाली- गलौज करने से मना किया, तो आरोपी यशवंत सिंह ने प्लास्टिक पाइप से रवि पर हमला कर दिया। इस मारपीट में रवि के सिर, पीठ और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



