परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में पारिवारिक हिंसा का मामला सामने आया है। धार्मिक स्थल ओंकारेश्वर से लौटकर आए पति ने केवल इतनी सी बात पर पत्नी पर हमला कर दिया कि उसने अलग सोने के लिए कह दिया था।
विवाद के दौरान आरोपी पति ने महिला के पेट में लातें मारीं और हाथ पर नुकीली वस्तु से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। हद तो तब हो गई जब चिल्लाने की आवाज सुनकर आई सास ने भी बहू को बचाने के बजाय उसके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और मारपीट की। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति और सास दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, फरियादी पूनम पति धीरज राणा, निवासी शिवाजी नगर ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि घटना के समय वह अपने घर पर सो रही थी। उसका पति धीरज राणा ओंकारेश्वर गया हुआ था। ओंकारेश्वर से वापस लौटने के बाद धीरज उसके पास आकर सोने लगा, जिस पर पूनम ने उससे कहा कि वह अलग जाकर सो जाए। इतनी सी बात से आक्रोशित होकर धीरज गालियां देने लगा। जब पीड़िता ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपी पति ने हाथ-घूंसे से उसकी बेदर्दी से पिटाई शुरू कर दी। आरोपी ने अपनी पत्नी के पेट में लगातार लातें मारीं और पास में रखी किसी नुकीली वस्तु से उसके दाहिने हाथ पर वार कर दिया, जिससे गहरा घाव हो गया और तेजी से खून बहने लगा। अचानक हुए इस हमले और असहनीय दर्द से जब पूनम चिल्लाई, तो उसकी सास ललिता राणा भी कमरे में आ गई। हालांकि, मदद करने के बजाय सास कहने लगी कि फालतू क्यों चिल्ला रही है और उसने पूनम के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया। घटना के बाद पीड़िता जैसे-तैसे थाने पहुंची और आपबीती सुनाई।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



