सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

गरम चाय गिराने पर टोका तो सहकर्मी ने साथियों के साथ मिलकर पीटा

लसूडिया थाना क्षेत्र में देवास नाका स्थित एक निजी मेडिसीन कंपनी में कर्मचारियों के बीच विवाद और मारपीट की घटना सामने आई है। साथ में काम करने वाले एक युवक…

लसूडिया थाना क्षेत्र में देवास नाका स्थित एक निजी मेडिसीन कंपनी में कर्मचारियों के बीच विवाद और मारपीट की घटना सामने आई है। साथ में काम करने वाले एक युवक ने अपने सहकर्मी को पीछे से धक्का दे दिया, जिससे गरम चाय उसके चेहरे पर गिर गई। जब पीड़ित ने इस हरकत का विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अपने बाहरी दोस्तों को बुला लिया और हाथ में पहने भारी कड़े से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। पीड़ित की शिकायत पर लसूडिया पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से ग्राम तलवाड़ा जिला बड़वानी और हाल निवासी अभिषेक नगर मूसाखेड़ी निवासी रविराज पिता होमराज चांदोरे ने लसूडिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि वह देवास नाका स्थित अनिला मेडिकल प्राइवेट लिमिटेड में मेडिसीन डिलीवरी का काम करता है। कंपनी में ही उसके साथ आयुष चौहान निवासी विजय नगर भी डिलीवरी बॉय का काम करता है। घटना के समय रविराज चाय पी रहा था, तभी आरोपी आयुष ने पीछे से आकर उसे धक्का दे दिया, जिससे उबलती गरम चाय रविराज के चेहरे पर जा गिरी। जब रविराज ने आयुष से कहा कि हर समय इस तरह का मजाक मत किया कर, तो आरोपी भड़क गया। उसने फरियादी की कॉलर पकड़ ली औरगालियां देने लगा। फरियादी ने जब गालियां देने से मना किया, तो आयुष ने कैंटीन के बाहर खड़े अपने दो अन्य दोस्तों को भी अंदर बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर रविराज की लात-थप्पड़ों से धुनाई शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी आयुष चौहान ने अपने हाथ में पहना लोहे का कड़ा निकालकर रविराज के सिर पर मार दिया, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा। चीख- पुकार सुनकर आसपास के कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें