सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

डकैती की योजना बनाने वालों से मिर्च पावडर सहित हथियार जब्त

साजिश नाकाम रिसॉर्ट के पास घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

डकैती की योजना बनाने वालों से मिर्च पावडर सहित हथियार जब्त

कनाड़िया थाना क्षेत्र में अपराध और डकैती की नीयत से घूम रहे एक शातिर गिरोह की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। बायपास रोड स्थित एचआर रिसॉर्ट के पास डकैती की योजना बना रहे 5 खतरनाक बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लोहे का दराती, टॉमी, सब्बल, पेंचकस, हथौड़ी और मिर्ची पाउडर जैसे धारदार व जानलेवा उपकरण बरामद किए गए हैं। कनाड़िया थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ डकैती की योजना बनाने और अवैध हथियार रखने की सुसंगत धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि एचआर रिसॉर्ट के पास बायपास रोड पर कुछ असमाजिक तत्व खतरनाक हथियारों के साथ एकत्र होकर किसी बड़ी डकैती की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही कनाड़िया पुलिस की विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी की और दबिश देकर पांचों संदिग्धों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राणा निवासी सपेरा कॉलोनी उमरीखेड़ा, तेजाजी नगर, दीपक निवासी तीन इमली बस स्टैंड के पीछे, भंवरकुआं, श्याम सोलंकी निवासी नौ मील चौखी ढाणी, सिमरोल, सोहन निवासी सपेरा कॉलोनी और श्याम निवासी तीन इमली बताए। पुलिस ने जब आरोपियों की तलाशी ली, तो उनके पास से डकैती की नीयत से रखे गए घातक हथियार बरामद हुए। आरोपी राणा पिता मदननाथ के कब्जे से एक लोहे का दराती, दीपक रघुवंशी के पास से पुष्प कंपनी का 100 ग्राम मिर्ची पाउडर, श्याम सोलंकी के कब्जे से पीले हत्थे वाला पेंचकस और करीब 2 फीट लंबी लोहे की मुड़ी हुई टॉमी, सोहन के पास से लोहे की हथौड़ी तथा श्याम पिता बिहारीलाल के कब्जे से करीब 04 फीट लंबा लोहे का सब्बल जब्त किया गया। कनाड़िया पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है और उनसे शहर में हुई अन्य वारदातों के संबंध में सघन पूछताछ की जा रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 1 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें