इंदौर। एमआइजी थाना इलाके में एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के बाद व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया और अंदर से दरवाजा बंद कर फंदा लगा लिया। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। मृतक का नाम मनोज पिता खेमचंद (50) निवासी सोमनाथ की चाल है। मृतक की बेटी नंदनी ने घटना के संबंध में बताया कि पिता मनोज का परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान ही गुस्से और तैश में आकर मनोज ने अपनी पत्नी और बच्चों को धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया और अंदर से मुख्य दरवाजे की कुंडी बंद कर ली। काफी देर तक जब घर के अंदर से कोई हलचल नहीं हुई और मनोज ने दरवाजा नहीं खोला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एमआइजी थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और परिजनों की मौजूदगी में जब दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तो मनोज कमरे में फंदे पर झूलता हुआ मिला। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने तत्काल शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों के बयान दर्ज कर विवाद के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है।
स्वामी मुद्रक प्रकाशक, महेश मूंगड़ द्वारा मूंगड़ पब्लिकेशन 242-43, जवाहर मार्ग, राजमोहल्ला चौराहा, इन्दौर (म.प्र.) से मुद्रित एवं प्रकाशित।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



