शहर में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत छत्रीपुरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जिलाबदर की समय-सीमा का उल्लंघन कर क्षेत्र में बेखौफ घूम रहे एक सूचीबद्ध कुख्यात बदमाश को धर दबोचा। पकड़ा गया आरोपी इलाके का पुराना गुंडा है, जिसके खिलाफ अपहरण, अवैध हथियार रखने और एनडीपीएसजैसे संगीन अपराधों के करीब 9 मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, गश्त और चेकिंग के दौरान छत्रीपुरा पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि छत्रीबाग निवासी शातिर बदमाश आकाश पिता मुकेश बिसोटिया जिलाबदर होने के बावजूद क्षेत्र में ही छिपा हुआ है और घूम रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी की और आरोपी आकाश बिसोटिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी आकाश बिसोटिया छत्रीपुरा थाने का आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में अपहरण, नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध शस्त्र अधिनियम समेत 9 संगीन मामले दर्ज हैं। उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए ही प्रशासन ने उसे जिलाबदर किया था, लेकिन वह आदेश की धज्जियां उड़ाकर शहर में पनाह लिए हुए था। छत्रीपुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत केस दर्ज कर उसे विवेचना में लिया है। इस कार्रवाई में छत्रीपुरा थाना प्रभारी संजीव श्रीवास्तव, एएसआई दीपेश गोराना, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र पाठक तथा आरक्षक अरुण चौहान, धर्मेंद्र सोनगरा और भूपेंद्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



