विजय नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मेदांता रोड स्थित ऑरेंज लिली होटल के बाहर दूसरी शादी की बात को लेकर जमकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। एक महिला को उसकी सहेलियों और एक युवक ने घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों तथा लकड़ी के डंडे से पीट दिया। पीड़िता की शिकायत पर विजय नगर थाना पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सिंगापुर टाउनशिप ग्रीन लसूडिया निवासी फरियादिया अस्मिता पाण्डेय ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादिया ने पुलिस को बताया कि वह मेदांता रोड स्थित ऑरेंज लिली होटल के पास अपने दोस्त कार्तिक ठाकुर, खुशी श्रीवास्तव और कृष्णा ठाकुर के साथ खड़ी थी। इसी दौरान वहां आरोपी स्वाति ठाकुर, मोनू भार्गव और मिष्टि पहुंचे। स्वाति ठाकुर सीधे अस्मिता के पास आई और विवाद करते हुए बोली कि 'तूने मेरे पति के साथ दूसरी शादी क्यों की है' इस पर फरियादिया ने जवाब दिया कि वह रजत ठाकुर के साथ बीते 5 सालों से रह रही है। इतनी बात सुनते ही स्वाति ठाकुर, मोनू भार्गव और मिष्टि भड़क गए और गालियां देने लगे। जब फरियादिया ने गाली- गलौज का विरोध किया, तो स्वाति ठाकुर और मिष्टि ने मिलकर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी मोनू भार्गव ने पास ही पड़ा एक डंडा उठाया और फरियादिया की पीठ पर दे मारा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद दोस्तों और लोगों के बीच-बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। विजय नगर थाना पुलिस ने पीड़ित अस्मिता पाण्डेय की शिकायत पर स्वाति ठाकुर, मोनू भार्गव और मिष्टि के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 3 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



