कनाड़िया थाना क्षेत्र के इंदौर- नागपुर हाईवे पर स्थित कनाड़िया ब्रिज के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार 15 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन को रिवर्स लेते हुए पीछे से आ रही इलेक्ट्रिक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक वीरेंद्र चौहान (26) अपनी मां संतोष बाई (42) और 15 वर्षीय रिश्तेदार समीक्षा के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी से कनाड़िया ब्रिज से गुजर रहे थे। इसी दौरान ट्रक क्रमांक एमपी 09 बीजी 8739 के चालक ने अपने वाहन को तेज गति से पीछे लिया, जिससे स्कूटी ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वीरेंद्र और उनकी मां संतोष बाई को सिर, चेहरे और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना में स्कूटी पर पीछे बैठी समीक्षा (15) को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही कनाड़िया थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक के चालक के खिलाफ केस दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 9 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



