तेलंगाना में हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर आज तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस खड़े कंटेनर ट्रक से टकरा गई, जिससे छह लोगों की मौत हो गई। वहीं कम से कम बीस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भयानक हादसा तेलंगाना के सूर्यपेट जिले के कोडद मंडल में द्वारकुंटा के पास हुआ। बस हैदराबाद से एलुरु जा रही थी, तभी वह लोहे की छड़ों से लदे कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर से बाहर निकली लोहे की छड़ें बस के अगले हिस्से को चीरती हुई अंदर घुस गईं, जिससे शीशे टूट गए और छड़ें यात्रियों की सीटों तक पहुंच गईं, आगे बैठे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बस में लगभग 42 यात्री सवार थे। हादसा सुबह 4:30 से 5 बजे के बीच हुआ।
बिहार में सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे कीर्तन कर रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 26 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 1 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



