छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में सूदखोर महिला के मानसिक उत्पीड़न और कर्जे के दबाव में आकर एक 35 वर्षीय युवक ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक पेंटिंग और ढोल बजाने का काम करता था। परिजनों ने क्षेत्र की ही एक महिला ब्याज माफिया पर लगातार प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकियां देने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक सुरेंद्र पिता सुनील (35)निवासी बारा भाई मोहल्ला है। सुरेंद्र ने अपने घर में फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। मृतक के बड़े भाई राम गणेश का आरोप है कि इलाके की एक सूदखोर महिला लंबे समय से ब्याज के पैसों के लेनदेन को लेकर सुरेंद्र को प्रताड़ित कर रही थी। आरोपी महिला बार- बार पैसों की वसूली के लिए दबाव बना रही थी, जिससे सुरेंद्र गहरा मानसिक तनाव झेल रहा था। कल भी वह महिला की प्रताड़ना से तंग होकर जान देने की बात कह रहा था। इसी रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। छत्रीपुरा पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



