महू थाना क्षेत्र स्थित संजय कॉलोनी में घरेलू कलह और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर एक 24 वर्षीय विवाहिता ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। गंभीर हालत में उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बीती रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतका का नाम मुस्कान पति दीपक(24) निवासी संजय गांधी कॉलोनी है। गत 11 अक्टूबर को मुस्कान ने अपने घर पर आत्मघाती कदम उठाते हुए खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई थी। परिजनों ने उसे तुरंत गंभीर हालत में इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां कई दिनों तक चले इलाज के बाद बीती रात उसने दम तोड़ दिया। शुरुआती जांच और परिजनों के बयानों में यह बात सामने आई है कि मृतका अपनी मौसेरी भाभी की लगातार दखलंदाजी और घरेलू मामलों में हस्तक्षेप से बेहद परेशान थी। इसी मानसिक तनाव के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। महू पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मायके व ससुराल पक्ष के लोगों के बयान दर्ज कर घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



