इंदौर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगों द्वारा एक व्यक्ति के बैंक खाते से 51,000 रुपये ऑनलाइन पार कर दिए। पीड़ित ने पहले बैंक स्तर पर शिकायत की थी और अब पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के राजरानी नगर निवासी करण कोटिया पिता रमेश कोटिया के बैंक खाते से 51,000 रुपए कटने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने तुरंत बैंक और पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस बैंक ट्रांजैक्शन और आईपी एड्रेस की मदद से आरोपियों का सुराग लगाने में जुटी है। उधर इंद्रा नगर निवासी लिविस परिहार पिता मुकेश परिहार के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने विभिन्न तरीकों से पीड़ित के बैंक खाते से 30,000 रुपए उड़ा लिए। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ट्रांजैक्शन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। इंद्रा नगर के ही एक अन्य मामले में संतोष परिहार पिता अंबाराम के मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने के लगातार मैसेज आने लगे। जब उन्होंने खाते की जांच की, तो पता चला कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा ऑनलाइन माध्यम से कुल 79,950 रुपए निकाले जा चुके हैं। पुलिस मामले की तकनीकी जांच कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



