सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

इंडक्शन चूल्हे में उतरे करंट से महिला की दर्दनाक मौत

पति के लिए खाना बनाते समय हुआ हादसा

खुड़ैल थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दुखद घरेलू हादसा सामने आया, जहां इंडक्शन चूल्हा चालू करते समय बिजली का तेज करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। रसोईघर में खाना बनाने के दौरान जैसे ही महिला ने चूल्हे का प्लग सॉकेट में लगाया, वह करंट की चपेट में आ गई। अचेत अवस्था में परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। खुड़ैल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका की पहचान सुनीता पति मांगीलाल चौहान (30) निवासी खुड़ैल के रूप में हुई है। घटना बीती रात की है, जब सुनीता अपने पति मांगीलाल के लिए रात का खाना तैयार करने रसोई में गई थी। इंडक्शन चूल्हा चालू करने के लिए जैसे ही उसने प्लग बोर्ड में लगाया, उसमें अचानक करंट उतर आया। करंट लगते ही महिला जोर से चिल्लाई और फर्श पर गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद पति और भांजा तुरंत रसोईघर की ओर भागे, जहां सुनीता बेसुध पड़ी मिली। परिजन आनन-फानन में महिला को लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। परिजनों ने बताया कि इंडक्शन चूल्हे के प्लग से ही उसे जोरदार झटका लगा था। मृतका अपने पीछे एक मासूम बेटे और पति को छोड़ गई है, जो पेशे से मिस्त्री का काम करते हैं। खुड़ैल पुलिस मामले में मर्ग जांच कर हादसे के तकनीकी कारणों का पता लगा रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें