ट्रकों से बैटरियां पार करने वाले शातिर गिरोह का महज 24 घंटे के भीतर भंडाफोड़ करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की बैटरियां और वारदात में इस्तेमाल ऑटो रिक्शा सहित कुल 3 लाख 20 हजार रुपये का मश्रूका जब्त किया गया है। ट्रांसपोर्ट नगर और आसपास के पार्किंग एरिया में खड़े बड़े वाहनों से रात के समय बैटरियां चोरी होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष दूधी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली। इस दौरान एक संदिग्ध ऑटो पुलिस की रडार पर आया, जिसके बाद मुखबिर तंत्र और लोकेशन ट्रेसिंग की मदद से पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को धरदबोचा। पुलिस कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुदस्सीर खान उर्फ मेडी पिता मुजफ्फर निवासी गुलजार कॉलोनी, रशीद खान पिता नासिर निवासी विजय पैलेस कॉलोनी और सोनू उर्फ शाबाज शाह पिता शहीद निवासी विजय पैलेस कॉलोनी के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से 2 कमर्शियल बैटरियां और वारदात में प्रयुक्त सवारी ऑटो क्रमांक एमपी 09 आरबी 2062 बरामद हुआ है। वारदात का खुलासा करने में प्रधान आरक्षक सोहन मौर्य, अंकित सिंह भदौरिया और जितेंद्र यादव की मुख्य भूमिका रही। भंवरकुआं पुलिस पकड़े गए आरोपियों से अन्य थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



