शहर में मुस्तैद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सतर्कता और बहादुरी के चलते एक बड़ी वारदात होने से बच गई। व्यस्त चौराहे पर एक राहगीर का मोबाइल झपटकर भाग रहे बाइक सवार शातिर बदमाश को ट्रैफिक जवानों ने घेराबंदी कर रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी जिस बाइक पर सवार होकर वारदात को अंजाम दे रहा था, उस पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी हुई थी। जवानों ने आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित थाना पुलिस के हवाले कर दिया है।
घटना तीन इमली चौराहे की है। यहां यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस के एएसआई पंकज मंडलोई और आरक्षक शुभम ड्याूटी पर तैनात थे। ड्याूटी के दौरान अचानक चौराहे पर एक राहगीर के चिल्लाने और 'चोर-चोर' का शोर मचाने की आवाज सुनाई दी। राहगीर ने घबराते हुए जवानों को बताया कि बाइक सवार एक अज्ञात युवक उसका मोबाइल फोन हाथ से छीनकर तेजी से भाग रहा है। पीड़ित का शोर सुनते ही एएसआई पंकज मंडलोई और आरक्षक शुभम ने बिना एक पल की देरी किए मुस्तैदी दिखाई और भाग रहे बदमाश का पीछा करना शुरू कर दिया। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को पीछे आता देख आरोपी हड़बड़ा गया। जवानों ने तत्परता से घेराबंदी करते हुए कुछ ही दूरी पर बिना नंबर प्लेट की बाइक सवार आरोपी बदमाश को दबोच लिया। पकड़े जाने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को स्थानीय थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जहां उससे छीने गए मोबाइल और बिना नंबर की बाइक के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



