लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शहर आगमन को लेकर इंदौर पुलिस अलर्ट मोड पर है। वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल झेड प्लस सिक्यूरिटी और एएसएल कवर के तहत पूरे दौरे के दौरान राहुल गांधी परिंदे के पर भी न मार सकने वाले तीन स्तरीय कड़े सुरक्षा घेरे में रहेंगे। एयरपोर्ट से लेकर होटल रेडिसन और छात्रों की गूंज कार्यक्रम स्थल तक अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने देर रात चारों जोनों के डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, एसीपी व थाना प्रभारियों की आपात बैठक ली। पुलिस कमिश्नर ने सख्त हिदायत दी है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। राहुल गांधी के काफिले की आवाजाही को देखते हुए शहर की यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। आज दोपहर 1 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक शहर के करीब 13 प्रमुख मार्गों पर भारी व सामान्य वाहनों का डायवर्जन रहेगा, ताकि आम जनता को ट्रैफिक जाम से न जूझना पड़े। होटल रेडिसन से एबी रोड होते हुए रीजनल पार्क स्थित 'भारत जोड़ो मैदान' तक के पूरे रूट पर करीब 1000 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों व ट्रैफिक जवानों की तैनाती की गई है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी शाम करीब 5 बजे होटल रेडिसन से रीजनल पार्क के सामने स्थित आयोजन स्थल के लिए रवाना होंगे। वे यहां करीब साढ़े तीन घंटे तक रुकेंगे, जिसमें से लगभग एक घंटा मंच पर रहकर देश-प्रदेश से आए छात्रों से सीधे संवाद करेंगे। इसके बाद रात 9 बजे वे इंदौर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। दिल्ली से आई केंद्रीय सुरक्षा टीम ने भी आयोजन स्थल का मुआयना कर सुरक्षा की कमान संभाल ली है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 19 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



