मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

त्योहार पर शांति भंग करने वालों पर रहेगी सीधी नजर

निगरानीशुदा बदमाशों के डोजियर भरवाए, रेड व येलो नोटिस तामील

त्योहार पर शांति भंग करने वालों पर रहेगी सीधी नजर

आज निकलने वाली झांकियों को लेकर जहां पुलिस ने चल समारोह मार्ग पर अत्याधुनिक सुरक्षा के इंतजाम किए है तो वहीं आयोजन से पहले गुंडे बदमाशों पर नकेल भी कसी गई। शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए खजराना थाना पुलिस ने गुंडे-बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। झांकी आयोजनों से ठीक एक दिन पहले थाना प्रभारी द्वारा क्षेत्र के सूचीबद्ध और आदतन अपराधियों को थाने पर तलब किया गया। इस दौरान पुलिस ने सभी बदमाशों को त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की खुराफात या अवैध गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।

त्योहारों के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या किसी भी प्रकार का विवाद पैदा करने की कोशिश करने वालों पर लगाम कसने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। पुलिस टीम ने क्षेत्र के निगरानीशुदा बदमाशों, जिला बदर की अवधि काटकर लौटे अपराधियों और गुंडा लिस्ट में शामिल तत्वों को थाने लाकर सख्त लहजे में समझाइश दी। थाना प्रभारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान यदि किसी ने भी कोई अपराध या विवाद करने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ पुलिस बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सभी सूचीबद्ध अपराधियों के नवीनतम फोटोग्राफ, चालू मोबाइल नंबर, वर्तमान निवास और कामकाज के संबंध में बारीकी से पूछताछ की। इसके साथ ही सभी बदमाशों के डोजियर भरवाए गए और शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु बाउंड ओवर की प्रक्रिया के तहत रेड एवं येलो नोटिस तामील करवाए गए।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें