सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

दो सूने मकानों के ताले तोड़कर लाखों के जेवर व 45 हजार नकदी ले उड़े चोर

इंदौर। सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह ने बाणगंगा और तिलकनगर क्षेत्र के दो अलग-अलग इलाकों में धावा बोलकर लाखों रुपये के सोने- चांदी के जेवरात और नकदी…

इंदौर। सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह ने बाणगंगा और तिलकनगर क्षेत्र के दो अलग-अलग इलाकों में धावा बोलकर लाखों रुपये के सोने- चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों ही मामलों में जब परिजन बाहर से घर लौटे, तो मुख्य द्वार के ताले टूटे और अलमारी में रखा कीमती सामान बिखरा मिला। पीड़ितों की शिकायत पर संबंधित थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। बाणगंगा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, न्यू दुर्गा नगर निवासी संजय यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि जब वह काम से बाहर गए हुए थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उनके सूने घर का ताला तोड़ दिया। चोर अलमारी में रखी सोने की अंगूठी, झुमकी, नाक का कांटा, सोने के मोती, चांदी की चूड़ियां व बिछिया के साथ 45 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। वहीं चोरी की दूसरी घटना स्कीम नंबर 94 पापा बेकरी के पीछे में हुई, जहां पीड़िता रीतु चौहान ने पुलिस को बताया कि अज्ञात बदमाश मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुए और अलमारी में रखे सोने की चेन, अंगूठी, चांदी की पायजेब, कड़े व बच्चों की पायल समेटकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 2 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें