सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

मोबाइल दुकान से लाखों के महंगे स्मार्टफोन और नकदी ले उड़े चोर

इंदौर। शहर के प्रमुख व्यावसायिक व छात्र बहुल क्षेत्र भंवरकुआं में एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाकर नकदी और कीमती इलेक्ट्रॉनिक्स सामान चोरी करने की वारदात सामने आई है। अज्ञात…

इंदौर। शहर के प्रमुख व्यावसायिक व छात्र बहुल क्षेत्र भंवरकुआं में एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाकर नकदी और कीमती इलेक्ट्रॉनिक्स सामान चोरी करने की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश ने दुकान में घुसकर कई महंगे आईफोन, अन्य ब्रांडेड मोबाइल फोन, एक्सेसरीज और गल्ले में रखे नकद रुपये पार कर दिए। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर भंवरकुआं थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार, आवासा एवेन्यू बिजलपुर निवासी गुरदास पिता बलराम थरानी ने थाने पहुंचकर चोरी की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि भंवरकुआं क्षेत्र में उनकी 'चॉइस मोबाइल कवर' नाम से दुकान संचालित होती है। अज्ञात बदमाश ने उनकी दुकान के अंदर अवैध रूप से प्रवेश किया और वहां रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर दुकान से एक आईफोन 11, एक आईफोन एक्सआर, एक मोटोरोला, एक रेडमी नोट 9 प्रो और एक ओप्पो ए3एस मोबाइल फोन चुरा ले गया। इसके अलावा, शातिर बदमाश दुकान में रखे फरियादी के अन्य मोबाइल फोन जिनमें रेडमी नोट 7 प्रो, रियलमी सी 55, आईफोन 7 शामिल हैं, के साथ-साथ दो मोबाइल चार्जर, तीन ईयरपोड्स, चार पावर बैंक, स्पीकर और गल्ले में रखी नकदी भी बटोर कर रफूचक्कर हो गया। दुकान खोलने पर जब फरियादी को चोरी का पता चला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। भंवरकुआं पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें