इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक सूने मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर दाखिल होकर सोने-चांदी के कीमती आभूषण और 40 हजार रुपये नकदी पार कर दिए। पुलिस के अनुसार, वारदात सिंगापुर लेक व्यू कॉलोनी में हुई। फरियादी राजाराम पिता विशन प्रसाद भदरेले, निवासी नर्मदा ब्लॉक, प्रथम बटालियन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह किसी काम से बाहर गए हुए थे, तभी सूना मकान पाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला चटका दिया। आरोपी घर के अंदर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गए। फरियादी के मुताबिक, चोरी गए सामान में तीन जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी की करधनी, एक जोड़ी सोने के झाले, तीन सोने की अंगूठियां और अलमारी में रखे 40 हजार रुपये नकद शामिल हैं। बाणगंगा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



