शहर में हादसों का सिलसिला थम ही नहीं रहा है। रविवार को जहां बस की चपेट में आने से राजबाडा पर दो लोगों की मौत हो गई थी, वहीं बुधवार को निगम के टैंकर की चपेट में आने से छात्रा की मौत हुई थी। अब रामचंद्र नगर चौराहा पर ट्रक ने अधेड़ को अपनी चपेट में ले लिया जिससे उनकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार घटना एरोड्रम थाना क्षेत्र के रामचंद्र नगर चौराहा पर रात करीब 12 बजे हुई। ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचएच 8205 ने सायकल सवार हरीश कावडे निवासी भोलेनाथ कालोनी को चपेट में ले लिया जिससे उन्हें गम्भीर चोट आई जिससे उन्हें बचाया नहीं जा सका। हरीश पेशे से हलवाई थे। इधर घटना के तुरन्त बाद राहगिर और मौके पर मौजूद लोग हरीश को तुरन्त समीप ही स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां मौजूद स्टाफ पर इलाज में देरी का आरोप भी लगाया गया। पुलिस ने फरियादी चिराग कावडे की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने ट्रक चालक और परिचालक को भी हिरासत में ले लिया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 2 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



