इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में रुचि रेस्टोरेंट के कर्मचारी की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के बाद से फरार चल रहे रेस्टोरेंट संचालक को बाणगंगा थाना पुलिस ने कल देर रात घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने चोरी और हिसाब-किताब के लेन-देन में हुए विवाद के चलते कर्मचारी की पिटाई की और फिर रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में ले जाकर चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी कर रही है। हत्या की यह सनसनीखेज वारदात रविवार दोपहर की है। घटना गंगाबाग कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक से सटी झाड़ियों में हुई थी। मृतक श्रीराम पिता प्रभुसिंह राजपूत (55)निवासी शिवकंठ नगर, मूल निवासी सागर है, वह पिछले तीन सालों से शांति नगर स्थित रुचि रेस्टोरेंट में काम कर रहा था। रविवार शाम रेलवे ट्रैक पर खून से लथपथ शव पड़ा देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आवारा कुत्ते शव को नोंच रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और जांच शुरू की। रेस्टोरेंट के अन्य कर्मचारियों से पूछताछ में सामने आया कि शाम के समय हिसाब में पैसे कम होने की बात पर संचालक राहुल और श्रीराम के बीच तीखी बहस हुई थी। वारदात के बाद से ही संचालक राहुल फरार था। पुलिस की टीम ने जगह-जगह दबिश देकर कल देर रात आरोपी राहुल को धरदबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि श्रीराम रेस्टोरेंट में छोटी-मोटी चोरियां करता था और हिसाब में गड़बड़ी को लेकर दो दिन पहले भी उनका विवाद हुआ था। घटना वाले दिन बहस बढ़ने पर श्रीराम ने गाली-गलौज कर दी, जिससे आक्रोशित होकर राहुल ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर उसे खींचकर रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में ले गया, जहां चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक के परिवार में उसकी बुजुर्ग मां और एक बहन हैं। बाणगंगा पुलिस आरोपी से हत्या में इस्तेमाल चाकू की बरामदगी और मामले से जुड़ी अन्य कड़ियों को जोड़ने के अदालत से रिमांड की मांग करेंगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 17 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



