शहर में वाहन चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार के नेटवर्क पर क्राइम ब्रांच पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। दौलतगंज रानीपुरा स्थित कबाड़ दुकान से चोरी की गाड़ियों के इंजन और कलपुर्जे खरीदने व बेचने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से ढाई लाख रुपये कीमत की स्क्रैप हाइड्रोलिक मशीन जब्त कर उसके गोदाम को सीलबंद कर दिया है। इसके साथ ही पूर्व में पकड़े गए मुख्य आरोपी के गोदाम को भी पुलिस ने सील लगाकर बंद कर दिया है।
क्राइम ब्रांच की टीम ने रानीपुरा स्थित कबाड़ दुकान पर दबिश देकर पूर्व में आरोपी अल्ताफ अंसारी और अरशद अंसारी को गिरफ्तार किया था। उस दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दोपहिया गाड़ियों के पार्ट्स और 12 इंजन जब्त किए थे, जिनमें से 3 इंजनों के नंबर घिसे हुए पाए गए थे। इस मामले की पड़ताल के दौरान आरोपी फहीम अंसारी निवासी थाना कोतवाली क्षेत्र की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद से वह लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर फरार आरोपी फहीम को धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर उसके गोदाम से गाड़ियां काटने में इस्तेमाल होने वाली स्क्रैप हाइड्रोलिक मशीन जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया। वहीं मामले में शामिल दूसरे आरोपी अल्ताफ अंसारी के गोदाम पर भी पुलिस ने विधिवत सीलिंग की कार्रवाई की है। आरोपी फहीम केवल चौथी कक्षा तक पढ़ा है और लंबे समय से स्क्रैप का धंधा कर रहा था। पुलिस अब उससे वाहन चोरी के इस बड़े नेटवर्क और अवैध कबाड़ व्यापार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



