इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित स्कीम नंबर 78 में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी, विदेशी मुद्रा और सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, स्कीम नंबर 78 निवासी 75 वर्षीय फरियादी धनसिंह पिता सुमेर सिंह माहौर के मकान के मुख्य दरवाजे की कुंडी तोड़कर अज्ञात बदमाश अंदर दाखिल हुए। फरियादी ने अपनी शिकायत में बताया कि चोर घर के कमरों को खंगालकर अलमारी में रखे लगभग 100 से 200 अमेरिकी डॉलर, 10 से 15 हजार रुपये नकद, बैंक पासबुक और सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो गए। सुबह चोरी का पता चलने पर पीड़ित ने तत्काल लसुड़िया थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों का सुराग लगाया जा सके। अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध चोरी का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 9 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



