टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन टास्क और घर बैठे मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से 17.50 लाख रुपए एैंठ लिए। हालांकि, इंदौर क्राइम ब्रांच की त्वरित कार्रवाई और बैंक समन्वय से पीड़ित को ठगी गई पूरी 17.50 लाख रुपए की राशि वापस दिला दी गई है। क्राइम ब्रांच एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, यह मामला इंदौर निवासी फरियादी से जुड़ा है। अज्ञात साइबर जालसाजों ने टेलीग्राम पर उनसे संपर्क किया और ऑनलाइन टास्क पूरे करने तथा सोशल मीडिया ट्रेंडिंग से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से घर बैठे अच्छी कमाई का लालच दिया। आरोपियों ने शुरुआत में छोटे टास्क देकर उनके बदले कुछ रकम का भुगतान किया, जिससे फरियादी को उन पर भरोसा हो गया। विश्वास जीतने के बाद आरोपियों ने अधिक लाभ कमाने का प्रलोभन देकर अलग-अलग टास्क और निवेश के नाम पर कई बैंक खातों में रकम डलवानी शुरू कर दी। झांसे में आकर फरियादी ने विभिन्न खातों में कुल 17.50 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। जब उन्हें ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध लेन-देन व संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाकर त्वरित समन्वय स्थापित किया। पुलिस ने ठग गिरोह के बैंक खातों को होल्ड व ब्लॉक करवाते हुए बैंकों से निरंतर संपर्क साधा और पीड़ित के 17 लाख 50 हजार रुपए सुरक्षित रूप से रिफंड करवा दिए। क्राइम ब्रांच मामले के अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 19 November 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

