मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

स्वतंत्रता दिवस को लेकर अलर्ट पर इंदौर पुलिस

टीआई मॉल में बीडीडीएस टीम ने की बम थ्रेट मॉक ड्रिल

इंदौर। आगामी स्वतंत्रता दिवस और त्योहारों के दृष्टिगत शहर की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में शहर के महत्वपूर्ण एवं भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा जांच की जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को इंदौर पुलिस की बीडीडीएस (बम डिस्पोजल एंड डिटेक्टिव स्क्वाड) टीम द्वारा टीआई मॉल में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

आयोजित इस मॉक ड्रिल का नेतृत्व बीडीडीएस प्रभारी खालिद मुश्ताक ने किया। अभ्यास के दौरान मॉल के सुरक्षा कर्मचारियों और विभिन्न शोरूम के स्टाफ को शामिल कर किसी लावारिस या संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने पर अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं का जीवंत प्रदर्शन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस टीम ने समझाया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल क्षेत्र को खाली कराकर आमजन को संदिग्ध वस्तु से दूर रखा जाए। इसके साथ ही मॉल के प्रवेश एवं निकास द्वारों को नियंत्रित करने, भीड़ को एकत्र होने से रोकने, निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विशेषज्ञ टीमों को सूचित करने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने मॉल प्रबंधन व सुरक्षा कर्मियों से संवाद कर सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी सुरक्षा की सतत समीक्षा की जा रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 11 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें