इंदौर। शहर में महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस टीमों ने 'ऑपरेशन सीक्रेट मिडनाइट' के तहत देर रात शहर के संवेदनशील और शैक्षणिक इलाकों में अचानक दबिश दी। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों, अवांछित रूप से घूमने वाले तत्वों और धारदार हथियार लेकर चल रहे बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। राऊ और राजेंद्र नगर थाना क्षेत्रों में 'ऑपरेशन सीक्रेट मिडनाइट' के तहत करीब 10 संदिग्धों की गहन चेकिंग की गई। ये लोग देर रात अवांछित गतिविधियों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ या प्रताड़ित करने जैसी प्रवृत्तियों में संलिप्त पाए गए थे, जिनके पुलिस ने डोजियर तैयार किए हैं। इसके अलावा बीट स्तर पर सूची के आधार पर सूचीबद्ध अपराधियों और गुंडों की निगरानी चेकिंग की गई, ताकि उनकी वर्तमान स्थिति और कामकाज का ब्यौरा जुटाया जा सके। उधर, आजाद नगर और मूसाखेड़ी क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को देखते ही एक संदिग्ध व्यक्ति अपना दोपहिया वाहन छोड़कर मौके से भाग खड़ा हुआ। पुलिस को आशंका है कि लावारिस छोड़ा गया वाहन चोरी का हो सकता है, जिसकी जब्ती बनाकर पड़ताल की जा रही है। साथ ही ड्रंक एंड ड्राइव के तहत भी वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। वहीं छात्र बहुल भंवरकुआं थाना क्षेत्र में एसीपी विजय चौधरी और टीआई संतोष दूदी की अगुवाई में पुलिस बल ने पैदल मार्च किया। देर रात तक सड़कों और चाय की गुमटियों पर बेवजह बैठने वाले युवाओं व छात्रों को सुरक्षा का हवाला देते हुए अपने-अपने हॉस्टल व पीजी जाने की समझाइश दी गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने काली फिल्म लगी एक स्कॉर्पियो गाड़ी को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर अंदर से लोहे का बेसबॉल बैट बरामद हुआ। इसके अलावा अवैध रूप से चाकू लेकर घूम रहे कई बदमाशों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि धारदार हथियार और संदिग्ध सामान लेकर घूमने वालों पर यह सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



