इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुपर कॉरिडोर पर स्थित एक बस बॉडी बिल्डर्स कंपनी के स्टोर से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, केबल और वेल्डिंग रॉड चोरी होने का मामला सामने आया है। स्टोर का सामान कम मिलने पर जब प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो कंपनी का ही एक पूर्व कर्मचारी अपने साथी के साथ वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिया। बाणगंगा थाना पुलिस ने पीड़ित प्रबंधक की शिकायत पर नामजद दोनों आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार नंदनगर निवासी फरियादी विनोद पिता दुर्गाशंकर चौहान ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित विनोद ने पुलिस को बताया कि वे ग्राम बरदरी, सुपर कॉरिडोर स्थित सनातन बस बॉडी बिल्डर्स कंपनी में कार्यरत हैं। हाल ही में जब कंपनी के स्टोर की इन्वेंट्री चेक की गई, तो वहां से भारी मात्रा में सामान गायब पाया गया। स्टॉक मिलान के दौरान स्टोर से 10 ड्रिल मशीन, 10 ग्राइंडर, 07 सोनी म्यूजिक सिस्टम, 50 स्पीकर, 3-कोर केबल और 5 पेटी वेल्डिंग रॉड कम पाई गई। स्टोर से इतना सारा सामान गायब देख जब कंपनी प्रबंधन ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक की, तो चोरी की पूरी वारदात उजागर हो गई। फुटेज में सनातन बस बॉडी बिल्डर्स कंपनी का पूर्व कर्मचारी रामवीर जाटव और कंपनी के ऑनर शिवनारायण शर्मा की दूसरी कंपनी एसकेएस ऑटोमेटिव में काम करने वाला अभिषेक विश्वकर्मा स्टोर के अंदर से बोरों में सामान भरकर ले जाते हुए साफ दिखाई दिए। फरियादी ने पुलिस को बताया कि स्टोर के बाकी सामान का मिलान किया जा रहा है और चोरी गए अन्य सामान की सूची भी पुलिस को सौंपी जाएगी। बाणगंगा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी रामवीर जाटव और अभिषेक विश्वकर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 20 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



