इंदौर। लसुड़िया थाना क्षेत्र स्थित सिल्वर पार्क में बेखौफ अज्ञात बदमाशों द्वारा एक मकान का ताला तोड़कर घुसने और भारी तोड़फोड़ के साथ सोने-चांदी के कीमती आभूषण, नकदी व महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी करने की वारदात सामने आई है। शातिर चोरों ने घर के सामान को नुकसान पहुंचाने के बाद गोदरेज का लॉकर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। फरियादी की शिकायत पर लसुड़िया थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सिल्वर पार्क लसुड़िया निवासी फरियादी सौरभ पिता बलराम पाटोदिया के मकान को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। फरियादी के घर से बाहर रहने के दौरान अज्ञात आरोपियों ने मुख्य दरवाजे के ताले तोड़कर और कुंडे उखाड़कर अंदर प्रवेश किया। घर में घुसे बदमाशों ने टीवी शोकेस, मंदिर, फर्नीचर और लाइटों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने गोदरेज का लॉकर तोड़कर उसमें रखी सोने की 4 चूड़ियां, एक सोने का पेंडेंट, 1 सोने की अंगूठी, नाक के 3 कांटे, पूजा में इस्तेमाल होने वाले सोने-चांदी के 4 सिक्के, चाँदी की 4 अंगूठियां, 4 पायजेब, नकदी रुपये और जमीन के अनुबंध से जुड़े जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही लसुड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 27 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



