शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर के लसूड़िया में बिहार के 18 वर्षीय होटल कर्मचारी ने की आत्महत्या महू में तेज रफ्तार कार ने सांड को रौंदा, फिर किराना दुकान का शटर तोड़कर घुसी द्वारकापुरी स्कीम 71 में 70 वर्षीय महिला के सूने मकान से लाखों के जेवर और नकदी चोरी इंदौर में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने बगीचे का होगा नवीनीकरण, बनेगा वॉकिंग ट्रैक सुप्रीम कोर्ट में अगले माह सुनवाई संभव, ओबीसी आरक्षण मामले पर स्थिति होगी साफ आईडीए स्कीम 97 भाग-4 में 32 करोड़ से बनेंगी सड़क, बिजली और पानी की सुविधाएं रेती मंडी रेलवे आरओबी पर जगमगाहट के लिए होगा एक करोड़ से ज्यादा खर्च लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज लगभग तैयार, नए साल से पहले शुरू होगा सर्व ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन 3 जनवरी को इंदौर में, प्रविष्टियां शुरू पातालपानी में एनएसएस शिविर: भेरूलाल पाटीदार कॉलेज के विद्यार्थियों को जल संरक्षण का संदेश
अपराध

स्थायी वारंटी को छुड़ाने के लिए खाकी पर टूटा परिवार

एसआई और आरक्षक पर लाठी-डंडों से हमला, 4 पर केस दर्ज, पंजरिया गांव में दबिश देने गई पुलिस टीम को परिजनों ने घेरा, घायल उप निरीक्षक और आरक्षक अस्पताल में भर्ती, आरोपी फरार

जिले के बड़गोंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंजरिया में शुक्रवार दोपहर पुलिस टीम पर हमले की एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने के लिए उसके परिजनों ने कानून को ताक पर रखकर पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में एक उप निरीक्षक और एक आरक्षक गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

बड़गोंदा थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की एक विशेष टीम लंबे समय से फरार स्थायी वारंटी रामगोपाल को गिरफ्तार करने के लिए ग्राम पंजरिया गई थी। पुलिस टीम ने जैसे ही घेराबंदी कर वारंटी रामगोपाल को अपनी हिरासत में लिया, वैसे ही उसके परिजन आक्रोशित हो गए। आरोपी के बेटे विपिन यादव, गणेश यादव, रामगोपाल की पत्नी और उसके पिता तोलाराम यादव ने एकजुट होकर पुलिस दल पर धावा बोल दिया और रामगोपाल को छुड़ाने की नीयत से ताबड़तोड़ लाठियां बरसाना शुरू कर दीं। इस अचानक हुए हमले में उप निरीक्षक महेश ओसारी के चेहरे और दोनों हाथों पर गंभीर चोटें आईं, जबकि आरक्षक कैलाश बघेल की पीठ और कमर पर जानलेवा वार किए गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़गोंदा थाने से अतिरिक्त पुलिस बल तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया। हालांकि, पुलिस के अतिरिक्त बल के पहुंचने की आहट मिलते ही हमलावर परिजन और वारंटी मौके से भाग निकले। पुलिस ने घायल उप निरीक्षक और आरक्षक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायल उप निरीक्षक महेश ओसारी की शिकायत पर बड़गोंदा थाना पुलिस ने आरोपी विपिन यादव, गणेश यादव, तोलाराम यादव और रामगोपाल की पत्नी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, बलवा और मारपीट से जुड़ी धाराओं के तहत गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 29 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें