मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

सिम बंद होने के डर और रिवॉर्ड प्वाइंट के लालच में 2.64 लाख की साइबर ठगी

इन्दौर। शहर में साइबर ठगों का जाल लगातार फैलता जा रहा है और वे नए-नए पैंतरे अपनाकर आम जनता की गाढ़ी कमाई पर डाका डाल रहे हैं। ताजा मामलों में…

इन्दौर। शहर में साइबर ठगों का जाल लगातार फैलता जा रहा है और वे नए-नए पैंतरे अपनाकर आम जनता की गाढ़ी कमाई पर डाका डाल रहे हैं। ताजा मामलों में ठगों ने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग को मोबाइल सिम बंद होने का खौफ दिखाया, वहीं एक अन्य युवक को एसबीआई क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट और ईएमआई का लालच देकर कुल 2 लाख 64 हजार रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ितों की शिकायत पर कनाड़िया और किशनगंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कनाड़िया पुलिस के अनुसार, जी-9 काउंटी वॉक कॉलोनी के रहने वाले प्रमोद कुमार शर्मा को एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को टेलीकॉम कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उनकी मोबाइल सिम की मियाद खत्म हो रही है और वह जल्द ही बंद हो जाएगी। सिम चालू रखने के बहाने जालसाज ने बुजुर्ग को अपनी बातों में उलझाया और प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर उनसे बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारियां हासिल कर लीं। कुछ ही पलों बाद उनके खाते से 1 लाख 99 हजार रुपये कटने का मैसेज आया, जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। वहीं, दूसरा मामला किशनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हरसोला का है, जहाँ के निवासी रवि बारोड को शातिर ठग ने खुद को एसबीआई क्रेडिट कार्ड कंपनी का कर्मचारी बताकर कॉल किया। उसने रवि से कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड से एक ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हुआ है, जिसे वे आसान ईएमआई में बदलवा सकते हैं। जब रवि ने ऐसा कोई भी ट्रांजेक्शन करने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने चालाकी दिखाते हुए कहा कि उनकी राशि किसी निजी कंपनी के खाते में चली गई है। इसके बाद उसने क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट्स पर भारी डिस्काउंट दिलाने का झांसा देकर बैंकिंग जानकारी ले ली और खाते से 65 हजार रुपये उड़ा लिए।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 21 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें