इंदौर। सांवेर पुलिस ने उज्जैन-इंदौर रोड से घेराबंदी कर एक लोडिंग वाहन से करीब 8 लाख 83 हजार रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब का जखीरा जब्त किया है। मौके से एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि वाहन मालिक और शराब दुकान के अज्ञात सेल्समैन के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है। एसडीओपी देवेंद्र धुर्वे के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि उज्जैन की तरफ से एक लोडिंग वाहन में अवैध शराब की बड़ी खेप इंदौर की ओर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भुट्टा चौराहा सर्विस रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी 16 एल 1453 को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें विभिन्न ब्रांड्स की 67 पेटियों में रखी कुल 603 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी बाजार में कुल कीमत 8,83,500 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से ही वाहन चला रहे आरोपी मनोज पिता शंकरराव खेरकर निवासी माधवनगर, उज्जैन को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि तस्करी के लिए यह वाहन उज्जैन निवासी मनीष राय ने उपलब्ध कराया था। सांवेर थाना पुलिस ने पकड़े गए चालक मनोज, गाड़ी मालिक मनीष राय और शराब सप्लाई करने वाली दुकान के अज्ञात सेल्समैन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



