बेटमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रावद में पति- पत्नी के विवाद में गंभीर हिंसा का मामला सामने आया है, जहाँ शराब पीने का विरोध करने पर एक कलियुगी पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी और धारदार लोहे की पत्ती से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।
बेटमा पुलिस के अनुसार, पीड़िता रचना पति विश्वास राठौड़ की रिपोर्ट पर आरोपी पति विश्वास पिता नारायण राठौड़ के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पीड़िता ने बताया कि जब उसने पति को अत्यधिक शराबखोरी करने से मना किया, तो आरोपी आपा खो बैठा और गालियां देते हुए थप्पड़- मुक्कों से मारपीट करने लगा। इसी दौरान आरोपी ने लोहे की धारदार पत्ती से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे गहरा घाव हो गया। आरोपी जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दे गया। वहीं दूसरी घटना महू थाना क्षेत्र के सीतानगर सुतारखेड़ी की सामने आई है, जहाँ तीन बेखौफ बदमाशों ने 75 वर्षीय बुजुर्ग के साथ मारपीट करते हुए उनके घर में जमकर तोड़फोड़ की। महू पुलिस के मुताबिक, पीड़ित बुजुर्ग ओमप्रकाश पिता चुन्नीलाल कौशल की शिकायत पर आरोपी हर्ष पिता राजू पाटिल, मनोज पिता राजू पाटिल और अप्पू के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने अकारण गाली-गलौज करते हुए बुजुर्ग के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ ही आरोपियों ने घर के दरवाजे और खिड़कियां तोड़कर भारी नुकसान पहुँचाया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 1 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



