इंदौर। बड़गोंदा थाना क्षेत्र में शादी के सालों बाद एक महिला को जातिसूचक शब्द कहकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और घर से बाहर निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय पीड़िता ने बड़गोंदा थाने पहुंचकर आरोपी मो. इकबाल पिता अल्लाह बक्स निवासी नया महू, बड़गोंदा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। फरियादिया ने पुलिस को बताया कि वह हिंदू धर्म की महार जाति की है। यह जानते हुए भी आरोपी मो. इकबाल ने वर्ष 2014 में उससे शादी की थी और बीते 10-12 वर्षों से उसे पत्नी बनाकर अपने साथ रख रहा था। पीड़िता का आरोप है कि घटना के दिन आरोपी ने अचानक उसके साथ विवाद शुरू कर दिया।
आरोपी ने उसे जातिसूचक शब्द कहते हुए शारीरिक और मानसिक रूप से सख्त प्रताड़ित किया। विरोध करने पर आरोपी ने थप्पड़ मारते हुए कहा कि तू छोटी जाति की है, मेरे घर से निकल जा और जोर से धक्का देकर उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता किसी तरह थाने पहुंची और आपबीती सुनाई। बड़गोंदा थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी मो. इकबाल के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 26 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



