मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

सस्ता थाईलैंड ट्रिप और इंडिगो से साठगांठ का झांसा देकर युवती को बनाया ठगी का शिकार

इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए सस्ती फॉरेन ट्रिप का झांसा देकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने एक युवती को…

इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए सस्ती फॉरेन ट्रिप का झांसा देकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने एक युवती को थाईलैंड के फुकेट की ट्रिप और इंडिगो एयरलाइंस के साथ कोलैबोरेशन का फर्जी भरोसा दिलाकर करीब 43 हजार रुपये ऐंठ लिए। जब पीड़िता इंदौर एयरपोर्ट पहुंची, तो उनकी टिकट अमान्य निकली और ठगों ने अपने सभी फोन नंबर बंद कर लिए।

पुलिस के अनुसार, एरोड्रम क्षेत्र निवासी पूर्वा सिंह एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर द टूरिंग साइट्स नाम से एक ट्रिप का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन देखने के बाद 19 अप्रैल को पीड़िता के पास वॉट्सऐप पर मैसेज आया, जिसमें थाईलैंड ट्रिप की जानकारी और शुल्क बताया गया। शुरूआत में चार्ज अधिक होने पर पूर्वा ने मना कर दिया, लेकिन आरोपियों ने उन्हें डिस्काउंट ऑफर देते हुए मात्र 36 हजार रुपये में थाईलैंड के फुकेट जाने की बुकिंग का झांसा दिया। संदेह होने पर जब पीड़िता ने इतने कम दाम का कारण पूछा, तो आरोपियों ने दावा किया कि उनकी कंपनी का इंडिगो फ्लाइट्स के साथ कोलैबोरेशन है। झांसे में आकर पूर्वा ने आरोपियों द्वारा दिए गए लव गुप्ता नाम के बैंक खाते में 18 मई को 10,800 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बदले में आरोपियों ने उन्हें दिल्ली से फुकेट के लिए 6 जुलाई की फ्लाइट का फर्जी इनवॉइस भेज दिया। इसके बाद आरोपियों ने इंदौर से दिल्ली की कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया बताकर 11,200 रुपये और बाकी की रकम मिलाकर कुल 43,500 रुपये अलग-अलग किस्तों में उसी खाते में जमा करा लिए। 3 जुलाई को आईडी गलत निकलने पर पीड़िता को शंका हुई। इसके बाद 6 जुलाई को जब पूर्वा अपने टिकट के साथ इंदौर एयरपोर्ट पहुंचीं, तो एयरलाइंस अधिकारियों ने जांच के बाद टिकट को पूरी तरह इनवैलिड घोषित कर दिया। पीड़िता ने तुरंत ठगों के नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी नंबर स्विच ऑफ मिले। ठगी का अहसास होते ही पीड़िता ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। एरोड्रम थाना पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर उस बैंक खाते और मोबाइल नंबरों के आधार पर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें